लखनऊ (युग करवट)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश सरकार के विज्ञापन खर्च को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने जनता के टैक्स के करीब 7,000 करोड़ रुपये अपनी छवि चमकाने पर खर्च कर दिए, जबकि प्रदेश में शिक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं पर अधिक निवेश की जरूरत है। अखिलेश यादव ने लिखा मुख्यमंत्री ने अपनी झूठी छवि को सच्ची दिखाने के लिए हजारों करोड़ रुपये खर्च किए हैं। उन्होंने इसे प्रदेश के लिए अवांछनीय और निंदनीय बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आज भी गरीबी, बेरोजगारी, महंगाई, एमएसपी, बिजली, पानी, सडक़ और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी समस्याओं से जूझ रहा है। सपा प्रमुख ने दावा किया कि यदि इतनी ही राशि शिक्षा क्षेत्र में लगाई जाती तो केजी से पीजी और रिसर्च तक की दो-तीन विश्वस्तरीय यूनिवर्सिटी स्थापित की जा सकती थीं, जिससे प्रदेश के बच्चों और युवाओं का भविष्य बेहतर बनाया जा सकता था।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर शिक्षा और युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने नियो इंडिया का जिक्र करते हुए दावा किया कि उनकी सरकार उत्तर प्रदेश को तरक्की और खुशहाली के रास्ते पर ले जाएगी।