ग्रेटर नोएडा में दूषित पानी का कहर
नोएडा (युग करवट)। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निराला ग्रीन आर्च सोसाइटी में दूषित पानी पीने से दर्जनों लोग की तबीयत खराब हो गई। उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। लोगों का आरोप है कि पानी की टंकी साफ न होने के चलते यह घटना हुई है। वहां रहने वाले लोगों ने सोसाइटी के मेंटेनेंस और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अफसरों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। बताया जाता है कि पानी की जांच में कोलीफॉर्म और ई-कोलाई हानिकारक तत्व की मौजूदगी की पुष्टि हुई है। लोगो ने पानी की टंकी की सफाई करने की मांग की है। वहां रहने वाले लोगों के अनुसार एक सप्ताह में दूषित पानी के चलते 100 से ज्यादा लोग बीमार हुए हैं। सोसाइटी के अपार्टमेंट ओनर एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी गौतम भाटिया ने बताया कि लोगों की शिकायत पर ही पानी की जांच कराई गई थी। रिपोर्ट आने के बाद प्राधिकरण को भी सूचना दे दी गई है ।