लखनऊ (युग करवट)। झांसी जिले में एक भीषण सडक़ हादसा हुआ है। इस दुर्घटना में माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद की मौत हो गई। हादसे में एक अन्य व्यक्ति ने भी अपनी जान गंवाई, जबकि उनके तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह घटना झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुंछ थाना इलाके में हुई। पांचों लोग झांसी जेल में बंद अतीक अहमद के बेटे अली अहमद से मुलाकात करने वाले थे। जानकारी के अनुसार, उनकी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आज सुबह करीब 10:30 बजे तेज रफ्तार क्रेटा कार झांसी-कानपुर हाईवे पर प्रयागराज से झांसी की ओर आ रही थी। पूछ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास अचानक एक जानवर सडक़ पर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में आगे की सीट पर बैठे आबान अहमद एवं सोनू खान के सिर में गंभीर चोट आई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कार सवार अहजम, मोहम्मद जैद, उमर अहमद घायल हो गए।