नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। कांवड़ यात्रा और बरसात के मौसम को देखते हुए विद्युत विभाग खासी सर्तकता बरत रहा है। कांवड़ मार्ग में पडऩे वाले सभी विद्युत पोल्स को विभाग की टीमें ने करीब सात फुट ऊंचा तक कवर किया है जिससे करंट की सम्भावना न बन सकें। इसके अलावा कांवड़ मार्ग के ट्रांसफार्मरों को भी डबल बेरिकेट्स के जरिए कवर किया गया है। लोहे की जाली से पूर्व में ही इन ट्रांसफार्मर को कवर किया गया है। ताकि खुले में ट्रांसफार्मर हादसों का कारण न बन सकें। इसके अलावा इन ट्रासफार्मरों के आगे लकड़ी से भी बेरिकेट्स लगाए जा रहे हैं ताकि इन ट्रांसफार्मर के आसपास कोई खड़ा न हो सके। शिविर संचालकों को भी ट्रांसफार्मर से कम से कम दस मीटर की दूरी पर शिविर लगाने की हिदायत दी गई है। मुख्य अभियंता पवन कुमार अग्रवाल ने बताया कि बरसात के मौसम में करंट का खतरा बना रहता है। जरा सी लापरवाही जान पर भारी पड़ सकती है, जिसके चलते ट्रांसफार्मर पर दो स्तरीय बेरिकेटिंग की गई है, जिससे हादसे की सम्भावना न बन सकें। इसके अलावा विभाग की टीमें लगातार तैनात रहेंगी जिससे तत्काल फाल्ट आदि को ठीक किया जा सके तो वहीं विद्युत विभाग का कंट्रोल रूम भी बनाया है। जहां पर लोग शिकायत दर्ज करा सकते हैं जिस पर टीमें तत्काल कार्रवाई कर सकेंगी।