नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। मधुबन बापूधाम वैलफेयर सोसायटी ने डीएम के माध्मय से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर मधुबन बापूधाम आवास योजना पॉकेट ई-एफ, कांशीराम योजना एव एलआईजी भवनों के लिए कराए जा रहे विकास कार्यो की एसआईटी या विजिलेंस से जांच की मांग की है।
सोसायटी ने आरोप लगाया है कि योजना में विकास कार्यो के नाम पर करोड़ों का घोटाला किया जा रहा है। साथ ही कहा है कि वर्तमान में योजना की हालात नरकीय है लेकिन फिर भी विकास कार्यो के नाम पर करोड़ों रूपए खर्च किए जाने के दावे किए जा रहे हैं। पदाधिकारियों ने कहा कि एसटीपी से योजना के आवास की मुख्य सीवर लाइन को नहीं जोड़ा गया है। पेयजल की स्थिति भी बदहाल है तो वहीं मकानों की गुणवत्ता की जांच भी कराई जाए। वेलफेयर ने इसका स्थाई तकनीकी समाधान निकाले जाने की भी मांग की है।
सोसायटी के अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि योजना के शुरू होने से लेकर अब तक विकास कार्यो के नाम पर सिर्फ भ्रष्टïाचार किया जा रहा है। ज्ञापन देने वालों में सचिव लीलाधर मिश्रा, कोषाध्यक्ष बबीता त्यागी आदि मौजूद रहे।