गाजियाबाद (युग करवट)। दिल्ली एनसीआर में लूट, स्नेचिंग व चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले बदमाश के साथ हुई मुठभेड़ में एसएचओ अजय चौधरी की टीम ने उसके पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसका साथी लईक निवासी सुंदरनगरी नन्दनगरी दिल्ली पुलिस की पकड़ में नहीं आ पाया। यह जानकारी देते हुए एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि घायल बदमाश के पास से लूट से संबंधित सोने की चेन का टुकड़ा, बाईक, तमंचा व कारतूस बरामद हुए। श्री मौर्य ने बताया कि जब एसएचओ अजय चौधरी हिंडन बैराज पर लोहे के पुल के पास चेकिंग कर रहे थे तभी एक बदमाश बाईक पर आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे जांच के लिये रोकने का प्रयास किया तो वह गोली चलाकर भागने लगा। जवाबी कार्रवाई में पुलिस के द्वारा चलाई गई गोली बदमाश में पैर में लगी। पूछताछ में घायल बदमाश ने आशू उर्फ आसू खान निवासी सुंदरनगरी नन्दनगरी दिल्ली बताया। पूछताछ में बदमाश ने यह भी बताया कि वह और उसका साथी लईक बाईक बदलकर दिल्ली, यूपी व एनसीआर में चोरी, लूट, स्नेचिंग व अन्य वारदातों को अंजाम देते हैं। श्री मौर्य ने बताया कि इस बदमाश पर कई राज्यों में दो दर्जन से संगीन वारदातों के अभियोग विभिन्न थानों में पंजीकृत हैं।