नई दिल्ली (युग करवट)। संसद के मानसून सत्र के दौरान आज सीजेपी के प्रदर्शन में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस एक्शन को लेकर राज्यसभा में जोरदार बहस देखने को मिली। सरकार की ओर से जेपी नड्डा और विपक्ष की ओर से मल्लिकार्जुन ने तीखे शब्दों के बाण छोड़े। यह विवाद तब शुरू हुआ जब कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर कथित पुलिस अत्याचार का मुद्दा उठाया और कार्रवाई करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। खरगे ने कहा, जिन लोगों ने छात्रों पर हमला किया वे आजाद घूम रहे हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। श्री नड्डा ने राज्यसभा में कहा, यह कानून-व्यवस्था की एक बहुत सामान्य स्थिति थी जिसे हमें समझना होगा। पुलिस ने व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की। उन्होंने कहा, जो भी छात्र एक्टिविज्म से जुड़ा है, उसे ऐसी स्थिति का सामना करना ही पड़ेगा। इमरजेंसी के दिनों में जब कांग्रेस पार्टी की सरकार थी तब मुझे कई बार क्लासरूम से गिरफ्तार किया गया था।