विधायक अजीत पाल त्यागी व डीएम ने दिव्यांगों को वितरित किए बिजऩेस ऑन व्हील्स यूनिट
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। दिव्यंागों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी व डीएम रविन्द्र मांदड़ ने मिशन समर्थ-सामथ्र्य ही पहचान अभियान का शुभारंभ विकास भवन सभागार से किया। इस दौरान 51 दिव्यांगों को बिजनेस ऑन व्हील यूनिट प्रदान की गई। जिसके जरिए यह दिव्यांग इन यूनिट में अपनी छोटी सी दुकान खोलकर आत्मनिर्भर बन सकेंगे।
मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी ने कहा कि यह योजना दिव्यांगों के लिए मील का पत्थर साबित होगी। सरकार हर वंचित को सम्मान से जीने का अधिकार दे रही है। डीएम ने इस अवसर पर कहा कि मिशन समर्थ का उद्देश्य दिव्यांगों को आत्मनिर्भर बनाना है जिससे वह ऑर्थिक रूप से किसी पर निर्भर न रहें। यह केवल योजना नहीं है बल्कि दिव्यांगों को सम्मान, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता प्रदान करने का एक सशक्त अभियान भी है। इससे दिव्यांगों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वह भी समाज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल सकेंगे। अभी यह शुरूआत है, लेकिन इस मिशन को और विस्तार दिया जाएगा ताकि एक भी दिव्यांग खुद को समाज से अलग-थलग न समझें। यह यूनिट मोहन मीकिन्स के सीएसआर फंड और नींव शक्ति संस्था के सहयोग से प्रदान की गई हैं। नींव शक्ति संस्था की संस्थापिका ऋचा बल्लभ ने कहा कि संस्था लगातार दिव्यांगों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।
संस्था का उद्देश्य सिर्फ दिव्यांगों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराना ही नहीं बल्कि उन्हें एक सम्मान जनक जीवन देना भी है। यह योजना इसी उद्देश्य से शुरू की गई है ताकि दिव्यांग खुद का रोजगार कर सकें। इसलिए इस तरह से व्हीकल तैयार किए गए हैं जिसमे वह आसानी से अपनी खाद्य पदार्थ, स्टेशनरी, सब्जी आदि की दुकान चला सकें। यह ई-व्हीकल होगा जिससे चलाने में आसानी भी होगी। इस मौके पर सीडीओ कुमार सौरभ, जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी अंशुल चौहान आदि मौजूद रहे।