गाजियाबाद (युग करवट)। बीती देर रात लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के गांव बेहटा हाजीपुर की रतिराम कॉलोनी में रहने वाले विपिन प्रजापति पुत्र सूरज प्रजापति की हत्या सोनू नामक व्यक्ति ने गोली मारकर कर दी। घटना के आरोपी पति पत्नी को पुलिस नग गिरफ्तार कर लिया। इस वारदात की सूचना मिलते ही एसओ लोनी बॉर्डर मुकेश सोलंकी फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचकर जांच करने में जुट गए।
एसीपी अंकुर विहार अमरदीप कुमार मौर्या ने बताया कि रात लगभग पौने बारह बजे रतिराम कॉलोनी निवासी आजाद प्रजापति ने लोनी बॉर्डर थाना पुलिस को सूचना दी कि सोनू नामक व्यक्ति ने उसके भाई विपिन की गोली मारकर हत्या कर दी है। एसओ लोनी बॉर्डर मुकेश सोलंकी की टीम ने वारदात के कुछ घंटे के अंदर ही हत्यारोपित सोनू व उसकी पत्नी आफा उर्फ आभा को गिरफ्तार कर पिस्टल भी बरामद कर ली। श्री मौर्य ने बताया कि जांच में पता चला है कि विपिन प्रजापति जब बाईक से अपने घर लौट रहा था तो हॉर्न बजाने को लेकर उसका विवाद सोनू से हो गया। विवाद बढऩे पर सोनू जाटव ने विपिन को दो गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था।