नोएडा (युग करवट)। गौतमबुद्धनगर के जिला अधिकारी कार्यालय को आज ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासन और पुलिस महकमे में हडक़ंप मच गया। सूचना मिलते ही थाना सूरजपुर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर की सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली। एहतियात के तौर पर बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वाड, एंटी सेबोटाज चेक टीम और फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने डीएम कार्यालय परिसर और भवन के भीतर सघन तलाशी अभियान चलाया। कार्यालय के विभिन्न कमरों, परिसर और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की गई। कई घंटे तक चली जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। जांच के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। पुलिस के अनुसार, धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद पूरे मामले को गंभीरता से लिया गया है। ई-मेल भेजने वाले की पहचान और उसके स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर टीम तकनीकी जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि धमकी किसी शरारती तत्व की करतूत है या इसके पीछे कोई अन्य उद्देश्य है।