हमले के बाद कुवैत यूएई-ओमान हाई अलर्ट
नई दिल्ली (युग करवट)। होर्मुज स्ट्रेट में तीन कारोबारी जहाजों पर हमले के बाद अमेरिका ने ईरान पर बड़े सैन्य हमले किए हैं। इससे दुनिया की सबसे अहम तेल सप्लाई रूट पर फिर संकट गहरा गया है। कुवैत, यूएई और ओमान के समुद्री इलाके भी हाई अलर्ट पर हैं। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। होर्मुज स्ट्रेट में तीन कारोबारी जहाजों पर हमले के बाद अमेरिकी सेना ने ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर बड़े हमले किए हैं। इस पूरी घटना से दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापारिक रास्ते पर फिर संकट गहरा गया है। बड़ी जंग की आहट के बीच होर्मुज स्ट्रेट को चोक किए जाने का खतरा बढ़ गया है। अमेरिकी सेना का कहना है कि यह कार्रवाई उन हमलों के जवाब में की गई है, जिनमें अंतरराष्ट्रीय समुद्री रास्ते से गुजर रहे तीन व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाया गया था। अमेरिका का आरोप है कि ईरान की यह कार्रवाई युद्धविराम समझौते के खिलाफ है और इससे दुनिया भर के समुद्री व्यापार को खतरा पैदा हुआ है।