गाजियाबाद (युग करवट)। मसूरी थाना क्षेत्र अंतर्गत आकाश विहार कॉलोनी में रहने वाले बुलंदशहर निवासी दिल्ली पुलिस के सिपाही अमित कुमार के मकान में सेंध लगाकर चोरों ने वहां पर रखे कैश व जेवरात समेत लगभग ३५ लाख के माल पर हाथ साफ कर लिया। सिपाही अमित ने बताया कि वह दिल्ली की कडक़डड़ुमा कोर्ट में मोहर्रिर के पद पर तैनात है। चोरों ने उसके मकान में उस समय चोरी की जब वह परिवार के साथ अपने गांव गया हुआ था। इस वारदात के संदर्भ में एसीपी मसूरी अजय कुमार का कहना है कि आरक्षी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस ने चोरी की वारदात के खुलासे के प्रयास करने शुरू कर दिये हैं। एसीपी ने कहा कि पुलिस चोरों को आईडेंटीफाई करने के लिये घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। उन्होंने कहा कि इस घटना का अनावरण जल्द कर दिया जायेगा।