नोएडा (युग करवट)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर फेलिक्स हॉस्पिटल की ओर से सेक्टर-137 स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह रहे। इस दौरान आरके एग्रोएक्सपोर्ट के प्रबंध निदेशक एवं उद्योगपति गौरव वार्ष्णेय, फेलिक्स हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. डीके गुप्ता, मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. रश्मि गुप्ता तथा योग एवं वेलनेस विशेषज्ञ पूर्णिमा जोशी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
योग विशेषज्ञ पूर्णिमा जोशी के निर्देशन में प्रतिभागियों ने योगासन, सूर्य नमस्कार, प्राणायाम तथा ध्यान का अभ्यास किया। डॉ. डीके गुप्ता ने कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा का ऐसा वैज्ञानिक उपहार है, जिसे आज पूरी दुनिया स्वीकार कर रही है। स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था के लिए योग सबसे प्रभावी माध्यम है। डॉ. रश्मि गुप्ता ने कहा कि स्वास्थ्य केवल बीमारी का अभाव नहीं बल्कि शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक संतुलन का नाम है। योग इस संतुलन को स्थापित करने का सबसे सरल और प्रभावी तरीका है।