नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। करणी सेना के राष्टï्रीय अध्यक्ष सूरजपाल अम्मू ने एक प्रेसवार्ता कर श्रीराम मंदिर में चढ़ाए गए चंदा चोरी को लेकर भाजपा और मंदिर के ट्रस्टियों पर जमकर बरसे। सूरजपाल अम्मू ने कहा कि श्रीराम मंदिर में चंदा चोरी किया गया लेकिन प्रदेश सरकार ने उस पर तीन लोगों की एसआईटी गठित कर दी।
हमारा योगी सरकार से सीधा सवाल है कि इस मामले में अब तक एफआईआर क्यों दर्ज नहीं की गई। क्या इस मामले में मंदिर के ट्रस्टी भी शामिल हैं जिन्हें बचाने का प्रयास किया जा रहा है। योगी सरकार एक ओर गाजियाबाद में सूर्या चौहान के आरोपी के घर बुलडोजर की कार्रवाई करती है तो वहीं करोड़ों लोगों की आस्था से खिलवाड़ करने वाले चंदा चोरों के खिलाफ दिल्ली से पूछकर बुलडोजर को रास्ता दिखाया जाएगा या दिल्ली से चिठ्ठी आएगी तब कार्रवाई होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में पूर्व ऑडिटर महिपाल सिंह ने चार महीने पहले ही खुलासा कर दिया था, लेकिन इस मामले को दबाया गया बल्कि चार महीने की वीडियो भी डिलीट कर दी गई। वहीं सपा के अखिलेश यादव भी कहते हैं कि दानपात्र का पैसा वापस रख दो बच जाएगा। सत्ता पक्ष भी इस मामले में लोगों को बचाने का प्रयास कर रहा है। सूरजपाल अम्मू ने कहा कि राममंदिर के लिए गोलियां खाने वाले, शहादत देने का काम इन चंदा चोरों ने किया है। मंदिर में दान देने वालों की श्रृद्घा का अपमान किया है इन्हें कैसे छोड़ा जा सकता है। करणी सेना के अध्यक्ष ने कहा कि श्रीराम मंदिर में एक सत्ता पक्ष का ही कब्जा है, क्या राम मंदिर किसी के बाप का है, यह देश की जनता का है,मंदिर के ठेकेदार यहां अंबानी-अडानी को बुलाने का काम करते हैं और चंदा चुराते हैं।
इस मामले में ट्रस्ट के सभी 12 लोग जिम्मेदार हैं उन्होंने मांग की कि तत्काल प्रभाव से सभी ट्रस्टियों को हटा कर नई कमेटी गठित की जाए व सभी पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में जिसने खुलासा किया उसे डराने का काम किया जा रहा है, हमे तो डर है कहीं उसे मार न दिया जाए। चोर को चोर करने में मोहन भागवत और सीएम को क्या तकलीफ है। चोर चाहे ट्रस्ट का हो, सत्ता पक्ष का हो, सभी पर कार्रवाई हो। सूरज पाल अम्मू ने कहा कि इस मामले में अब सेना अयोध्या और गाजियाबाद में एक एफआईआर दर्ज कराने जा रही है जिसमें लवकुश मिश्रा, टन्नू यादव, ट्रस्टी नूपेन्द्र मिश्रा, पूर्व ऑडिटर महिपाल सिंह, अनिल मिश्रा, चम्पत राय सहित अन्य लोगों के नाम शामिल हैं।
इसके अलावा आगामी चुनावों में करणी सेना प्रदेश की 50 सीटों पर चुनाव लड़ेगी जिसमें पढ़े-लिखे और सामाजिक लोगों को चुनाव लड़ाया जाएगा। वर्तमान में 40 जिलों में करणी सेना सक्रिय है बाकी जिलों में भी संगठन का विस्तार किया जा रहा है। प्रेसवार्ता में राष्टï्रीय महामंत्री संदीप सिंघल, वरिष्ठ राष्टï्रीय उपाध्यक्ष विवेक तोमर, जिलाध्यक्ष गौरव शर्मा, निशित रावल, बीके शर्मा हनुमान आदि मौजूद रहे।