नई दिल्ली (युग करवट)। कॉकरोच जनता पार्टी के बैनर तले जंतर-मंतर पर जुटे छात्रों और युवाओं ने नीट-यूजी पेपर लीक समेत परीक्षा संबंधी विवादों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। अमेरिका से लौटे कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दिपके ने जंतर मंतर पर आंदोलन का नेतृत्व किया।
कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दिपके शनिवार को जय भीम के नारों के बीच जंतर-मंतर स्थित प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल हुए। अभिजीत दिपके अमेरिका के बोस्टन से आज सुबह नई दिल्ली पहुंचे। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सैकड़ों युवाओं ने उनका स्वागत किया। दिपके भारी सुरक्षा के बीच जंतर-मंतर पर आयोजित विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।
अभिजीत दिपके का कहना है कि नीट-यूजी पेपर लीक समेत विभिन्न परीक्षा संबंधी विवादों ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है और इसके लिए जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना होगा। कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन के दौरान एक शख्स हिट स्प्रे लेकर जंतर-मंतर पहुंचा। उसने सीजेपी को टुकड़े-टुकड़े गैंग का विस्तार बताया। इस दौरान सीजेपी समर्थकों और शख्स के बीच मामूली कहासुनी और धक्का-मुक्की की स्थिति बनी, जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप कर शख्स को वहां से हटा दिया और स्थिति को नियंत्रित कर लिया। जंतर-मंतर के आसपास बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी एकत्र हुए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। सीजेपी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें प्रदर्शनकारियों ने कहा, हमने शिक्षा मंत्री को चुना और वहां भेजा है।
उनका वेतन हमारे टैक्स के पैसे से जाता है। उनके कार्यकाल में करोड़ों युवाओं का भविष्य अंधकार में चला गया है।