हरियाणा में अर्चना गुप्ता और पंजाब में केवल ढिल्लों को कमान

दिल्ली (युग करवट)। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़े बदलाव शुरू कर दिए हैं। भाजपा ने दिल्ली समेत चार राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष बदल दिए हैं।
पंजाब, हरियाणा और पूर्वोत्तर के राज्य त्रिपुरा की पार्टी इकाई को अब नए प्रदेश अध्यक्ष मिल गए हैं। केन्द्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली भाजपा की कमान सौंपी गई है। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष बनाए गए हर्ष मल्होत्रा पूर्वी दिल्ली से सांसद हैं।
हर्ष मल्होत्रा केंद्रीय मंत्रिमंडल में भी शामिल हैं और उनके पास सडक़ परिवहन मंत्रालय में राज्यमंत्री की जिम्मेदारी है। वह वीरेंद्र सचदेवा की जगह लेंगे। पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। पंजाब चुनावों में एक साल से भी कम समय बचा है और पार्टी ने सुनील जाखड़ की जगह नए नेता को पार्टी के संगठन की कमान सौंप दी है। केवल सिंह ढिल्लों पंजाब बीजेपी के नए अध्यक्ष होंगे। हरियाणा में अर्चना गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। अर्चना गुप्ता लंबे वक्त से संगठन में एक्टिव रही हैं और उन्हें तमाम पदों पर काम करने का एक्सपीरिएंस हैं। अर्चना गुप्ता अभी, हरियाणा बीजेपी में प्रदेश महासचिव थीं। इससे पहले वह, पानीपत में भाजपा की जिलाध्यक्ष भी रह चुकी हैं। वहीं अभिषेक देबरॉय को त्रिपुरा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।