नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। ईद-अल-अजहा (बकरीद) का पर्व शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। सबसे पहले मुस्लिम समाज के लोगों ने आज सुबह प्रमुख मस्जिदों में नमाज अदात कर देश में अमन-चैन के लिए दुआ मांगी।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाया। सुबह से ही पर्व को मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में चहल-पहल शुरू हो गई थी। सडक़ पर नमाज अदा न करने के प्रदेश सरकार के निर्णय के बाद मस्जिदों में दो शिफ्टों में नमाज अदा कराई गई। इस दौरान मस्जिदों व ईदगाहों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए। मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में भी सफाई व्यवस्था से लेकर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।
आसामजिक तत्वों की भी निगरानी की जा रही थी। इमाम शहर मुफ्ती जमीर अहमद ने सभी को ईद की मुबारक बाद दी और पर्व पर आपसी भाईचारा बनाए रखने का संदेश दिया। इस दौरान शहर ईदगाह, सेक्टर-23 जामा मस्जिद, लालटेन फैक्ट्री कैला भट्टा सुन्नी मोहम्मदी मस्जिद, अमन कॉलोनी की मस्जिद गोसिया, डासना रफीकाबाद मस्जिद, डबारसी मस्जिद, मसूदी ईदगाह, नाहल गांव ईदगाह, माता कॉलोनी विजयनगर की मदरसा फरीदिया, न्यू हिंडन विहार नीलमणि कॉलोनी की आला हजरत मस्जिद, कौशांबी मस्जिद, महाराजपुर महराजुल्उलूम मदरसा, महाराजपुर बीईएल के सामने छोटी मस्जिद, गाजीपुर सब्जी मंडी मस्जिद, खोड़ा कालोनी की बिलाल मस्जिद, नूरानी मस्जिद खोड़, इंदिरापुरम जामा मस्जिद, महाराजपुर ईदगाह, जामा मस्जिद पीर कॉलोनी, प्रहलादगढ़ी मस्जिद, ईदगाह मिर्जापुर में सुबह 6.30 बजे से लेकर आठ बजे तक दो शिफ्टों में नमाज अदा की गई। हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग मस्जिदों में नमाज अदा करने पहुंचे। इसके उपरांत लोगों ने निर्धारित स्थानों पर कुर्बानी की रस्म अदायगी की।
कमिश्नरेट पुलिस रही अलर्ट
गाजियाबाद (युग करवट)। ईद उल अजहा की नमाज के अवसर पर कमिश्नरेट पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर रही। एसएचओ, एसओज फोर्स के साथ मस्जिदों, मदरसों और ईदगाहों पर मुस्तैदी के साथ तैनात रहे वहीं नमाज स्थलों के अलावा आस-पास के स्थानों पर नजर रखने के लिये ड्रोन्स एवं सीसीटीवी कैमरों का उपयोग किया। उधर नमाज के समय एडिशनल सीपीज व डीसीपीज से लेकर सहायक पुलिस आयुक्त भी हर गतिविधि व अपडेट पर पैनी नजर बनाये रहे।