गाजियाबाद (युग करवट)। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसाइटी आरडब्लूए की वजह से स्थानीय निवासी के लिए मुसीबत हो गई है। सोयायटी में लिफ्टों से जुड़ी समस्या की शिकायत करने पर आरडब्लूए ने पीडि़त के शिकायती पत्र और उसके उत्तर में दिए गए पत्र की छायाप्रति जवाब के साथ सोसायटी की हर लिफ्ट के बाहर चस्पा करवा दी है। इस बात की जानकारी जब पीडि़त को हुई तो उन्होंने डायल 112 पर फोन कर सूचना दी। गुलमोहर सोसायटी में लगी लिफ्ट मानक के अनुरूप न होने के कारण उन्हें बदलवाने के लिए आरडब्लूए द्वारा स्थानीय निवासियों से ही लिफ्ट का खर्चा वहन करने का दबाव बनाया जा रहा है। खराब लिफ्टों से एक व्यक्ति चोटिल भी हुआ था जिसको धमकाने का आरोप सोसायटी के सचिव पर लगा था। खराब लिफ्ट और आरडब्लूए के पदाधिकारियों के दुव्र्यवहार की शिकायत जिलाधिकारी से की थी। इससे बौखलाए आरडब्लूए सचिव ने शिकायत का जवाब बनाकर सोसाइटी की 31 लिफ्टों के बाहर चस्पा कर दिया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरडब्लूए की इस हरकत से उनकी जान को जोखिम पैदा हो गया है। शिकायतकर्ता गौरव बंसल ने बताया कि आरडब्लूए के जवाब में उन पर उल जुलूल आरोप लगाए गए हैं। जिससे सोसायटी के अन्य लोग भडक़ जाएं और उनके साथ कोई अप्रिय घटना को अंजाम दे दें।