ईधन बचत की पहल

अन्य अधिकारियों को भी दिए कार पुलिंग के निर्देश
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। पीएम नरेन्द्र मोदी की अपील के बाद अब डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ ईधन की बचत की पहल करते हुए बाइक से अपने आवास से कार्यालय पहुंचे। इतना ही नहीं उनकी एस्कार्ट टीम आवास से कार्यालय तक पैदल पहुंची। डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील देशहित में हैं। इसलिए उन्होंने निर्णय लिया है कि वह कार्यालय आने के लिए कार पुलिंग या बाइक पुलिंग का इस्तेमाल करेंगे। इस दौरान एस्कार्ट का उपयोग सिर्फ आवश्यक स्थिति में ही करेंगे। डीएम ने कहा कि सभी सरकारी कार्यालयों को भी यह निर्देश दिए हैं कि वह ऑफिस आने-जाने के लिए कार या बाइक पुलिंग को अपनाएं। इतना ही नहीं जिनके आवास कार्यालय के पास हैं वह पैदल भी आ सकते हैं। डीएम कार्यालय में होने वाली मीटिंगों को भी ऑनलाइन मोड में कर दिया गया है। यानि जिला मुख्यालय के अलग किसी विभाग की बैठक ऑनलाइन ही होगी ताकि लोगों को ईंधन खर्च करके ना आना पड़े। इतना ही नहीं डीएम ने आम जन से भी अपील कि है कि वह देशहित के इस कार्य में अपनी सहभागिता दें और पेट्रोल-डीजल की खपत कम से कम करें। सार्वजनिक परिवहन मेट्रो, बस का इस्तेमाल करें या फिर कार पुलिंग कर अपने कार्यालय आना-जाना करें ताकि अधिक से अधिक ईंधन की बचत की जा सके। उन्होंने कहा कि देश के लिए हम सभी को मिलजुल कर सहयोग करना होगा। बता दें कि पीएम नरेन्द्र मोदी ने देश वासियों से अपील की थी कि वह ईंधन की बचत करें, इसके चलते सरकारी स्तर पर इस पर काम शुरू हो गया है। अधिकारियों ने अपनी एस्कार्ट का इस्तेमाल कम कर दिया है तो वहीं कार्यालय पहुंचने के लिए कम खर्च का विकल्प इस्तेमाल कर रहे हैं।