नई दिल्ली (युग करवट)। मोदी सरकार के सोना-चांदी को लेकर लिए गए एक फैसले के बाद ये धुआंधार तेजी देखने को मिली है। दरअसल, सरकार ने सोना-चांदी समेत अन्य कीमती धातुओं पर इंपोर्ट ड्यूटी या कस्टम ड्यूटी में बड़ा इजाफा किया है। सरकार के गोल्ड इंपोर्ट ड्यूटी हाइक के फैसले का सीधा असर कमोडिटी मार्केट में देखने को मिला है। एमसीएक्स पर सोने की कीमतों के बारे में बात करें, तो 5 जून की एक्सपायरी वाला 10 ग्राम 24 कैरेट मंगलवार को 1,53,442 रुपये पर बंद हुआ था। बुधवार को जैसे ही वायदा कारोबार की शुरुआत हुई, ये कीमती पीली धातु एक झटके में उछलकर 1,64,497 रुपये प्रति 10 ग्राम के लेवल पर जा पहुंची। इसमें करीब 7 फीसदी की तेजी आई और इस हिसाब से कैलकुलेशन करें, तो 10 ग्राम सोना 11,055 रुपये महंगा हो गया। एमसीएक्स पर 3 जुलाई की एक्सपायरी वाली चांदी का भाव एक बार फिर से 3 लाख रुपये के पार पहुंच गया है। सिल्वर बीते कारोबारी दिन 2,79,062 रुपये प्रति किलोग्राम के लेवल पर क्लोज हुई थी। वहीं बुधवार को इसने भी ओपनिंग के साथ ऐसी छलांग लगाई कि 3,01,429 रुपये पर जा पहुंचा।
इस हिसाब से देखें, तो एक झटके में चांदी की कीमत 22,367 रुपये बढ़ गई।