अब यूपी में मंत्रिमंडल विस्तार
लंबे इंतजार के बाद अब यूपी में भी मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारियां शुरू हो गई है। सबकुछ ठीकठाक रहा तो १० से १५ मई के बीच मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। हालांकि पिछले दो साल से मंत्रिमंडल के विस्तार की चर्चाएं चल रही हैं। लेकिन अब अगले साल चुनाव होना है। सामाजिक और जातिगत माहौल को सही रखने के लिए मंत्रिमंडल का विस्तार जरूरी हो गया है। चर्चा है कि ६५ साल वाले मंत्रियों को साइड किया जा सकता है। ये भी चर्चा है कि अगर पुराने बुजुर्ग मंत्री नहीं हटाए जाएंगे तो नये मंत्रिमंडल के विस्तार में ६५ साल की उम्र वाला कोई भी विधायक मंत्री नहीं बनेगा। छह नये मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना है। सपा के पीडीए का जवाब देने के लिए एक दलित उपमुख्यमंत्री भी बनाने की चर्चा है। इसमें दो नाम बेबी रानी मौर्या और असीम अरुण का चल रहा है। हालांकि पहले भी ये दोनों नाम चर्चा में थे। वहीं मंत्रिमंडल के विस्तार में महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ाने की चर्चा हो रही है। इसमें कृष्णा पासवान और पूजा पाल का नाम प्रमुखता से है। फिलहाल पूजा पाल सपा की विधायक हैं लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूजा पाल को लेकर सपा को ही घेरते हैं। पूजा पाल बैठती तो सपा की तरफ है लेकिन उनका पूरा झुकाव भाजपा की तरफ है। राय बरेली के विधायक और सपा को बाय-बाय कहने वाले मनोज पांडेय भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं मनोज पांडेय पूर्वांचल में एक मजबूत नाम है और उनके भाजपा में आने से पार्टी को उनके क्षेत्र में मजबूती मिली थी। राज्यसभा के चुनाव में मनोज पांडेय ने भाजपा के लिए काम किया था इसलिए उनका मंत्री बनना भी लगभग तय है। पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। वहीं भाजपा संगठन में भी बड़े बदलाव होने की संभावना है। पांच राज्यों के चुनाव के बाद अब भाजपा का पूरा फोकस उत्तर प्रदेश पर लग गया है और ये कहा जाए कि २०२७ के चुनाव की तैयारियां काफी हद तक जमीनी तौर पर भाजपा ने कर ली है तो गलत नहीं होगा। दरअसल, भाजपा एक चुनाव के बाद दूसरे चुनाव की तैयारी में लग जाती है यही उसकी एक बड़ी ताकत है और कार्यकर्ता भी एक चुनाव के बाद दूसरे चुनाव की तैयारी में जुट जाता है। अन्य दलों का ये हाल है कि नामांकन के अंतिम दिन पर उनके प्रत्याशी भी तय नहीं हो पाते। बहरहाल अब सबकी निगाहें यूपी चुनाव की ओर लग गई है। दिल्ली वालों का फोकस भी अब केवल और केवल यूपी पर ही रहेगा। जय हिंद