गाजियाबाद (युग करवट)। नगर निगम द्वारा बनाए जा रहे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का कार्य शुरू हो गया है। 92 करोड़ 22 लाख 49 हजार से राजनगर एक्सटेंशन में स्पोर्ट कॉम्प्लेक्स बनाया जा रहा है। इसमें क्रिकेट पिच, फिट इंडिया जोन, किड्स प्ले एरिया, टेनिस लॉन, वॉली बॉल, वॉकिंग एंड जॉगिंग ट्रैक बनाया जाएगा। बैडमिंटन बास्केटबॉल जिमनास्टिक जूडो कबड्डी शूटिंग सॉफ्टबॉल स्विमिंग ताइक्वांडो वॉलीबॉल योगा व अन्य 30 इंडोर गेम होंगे। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि पर्यावरण अनुकूल मॉडल के क्रम में हरित तकनीक और संसाधनों का उपयोग करते हुए स्पोर्ट्स कंपलेक्स बनाया जा रहा है। सभी वर्ग के लिए सुलभ और समावेशी सुविधा भी होगी। जिसमें पार्किंग व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। ओपन कैफेटेरिया जिसमें 60 सीटिंग कैपेसिटी रहेगी, गेस्ट रूम बोर्ड गेम रूम योग रूम डॉक्टर क्लीनिक, ग्राउंड सहित दो मंजिल बिल्डिंग का निर्माण होगा जो कि खिलाडिय़ों के लिए सुविधाजनक रहेगा। 15 माह में निर्धारित तिथि तक कार्य पूर्ण करने के लिए बेहतर योजना बनाते हुए कार्य करने के लिए कहा गया। बैठक के दौरान अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी, प्रभारी संपत्ति पल्लवी सिंह, प्रभारी उद्यान डॉक्टर अनुज, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर मिथिलेश मौजूद रहे।