नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण में जब से नए उपाध्यक्ष के रूप में नंद किशोर कलाल ने कार्यभार सम्भाला है। तब से वह लगातार शहर के विकास योजनाओं को लेकर सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। उनके कार्य काल में अब तक कई सौ करोड़ की परियोजनाओं के टेंडर जारी हो गए हैं तो कई ऐसी योजनाएं हैं जो इस साल के अंत तक पूरी हो जाएंगी। इसी कड़ी में इंदिरापुरम से दिल्ली आने-जाने वाले हजारों लोगों को राहत देने के लिए एलिवेटेड रोड़ पर स्लिप रोड निर्माण का टेंडर जारी कर दिया गया है। करीब 93 करोड़ की लागत से जीडीए स्लिप रोड का निर्माण कराएगा। एलिवेटेड पर स्लिप रोड बनने से उन वाहन चालकों को आसानी होगी जो इंदिरापुरम से दिल्ली के बीच आवागमन करते हैं, इन लोगों को अब एलिवेटेड पार करके इंदिरापुरम जाने की आवश्यकता नहीं होगी, बल्कि वह एलिवेटेड के बीच से स्लिप रोड पर होते हुए इंदिरापुरम क्षेत्र में पहुंच जाएंगे।
यह एलिवेटड पर यह स्लिप रोड वसुंधरा क्षेत्र को भी जोड़ेगी। इसकी वजह से एलिवेटेड से गुजरने वाले हजारों वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी तो वहीं एलिवेटड पर वाहनों का दबाव भी बेहद कम होगा। जनवरी माह में ही जीडीए वीसी के द्वारा शासन को यह प्रस्ताव भेजा गया था। जिस पर शासन ने मुहर लगाई। जीडीए ने अब इसका टेंडर जारी कर दिया है। इस निर्माण कार्य को 18 महीने में पूरा करने का लक्ष्य शासन ने दिया है।