एक्जिट पोल में भाजपा
को बढ़त
नई दिल्ली (युग करवट)। पांच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2026 के एग्जिट पोल जारी हो गए हैं। पश्चिम बंगाल के नतीजे सबसे ज्यादा चौंकाने वाले हैं। बंगाल के पांच एग्जिट पोल्स में भाजपा, सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस को पीछे छोड़ती नजर आ रही है। पीपल्स पल्स एकमात्र ऐसी एजेंसी है जिसने टीएमसी की सत्ता में मजबूत वापसी का अनुमान जताया है। पीपल्स पल्स के आंकड़ों के अनुसार, टीएमसी 177 से 187 सीटें जीतकर फिर से सरकार बना सकती है, जबकि भाजपा को 95 से 110 सीटों के साथ विपक्ष में ही बैठना पड़ सकता है। अन्य के खाते में 1 से 4 सीटें जा सकती हैं। प्रजा पोल ने अपने सर्वे में भाजपा के लिए सबसे बड़ी जीत की भविष्यवाणी की है। इसके मुताबिक, भाजपा को 178 से 208 सीटों का भारी बहुमत मिल सकता है, जो एक बड़ी सियासी लहर का संकेत है। इसके विपरीत, टीएमसी का प्रदर्शन गिरकर मात्र 85 से 110 सीटों तक रह सकता है। चाणक्य स्ट्रैटजीज के पूर्वानुमान के अनुसार बंगाल में पलड़ा भाजपा का भारी है। यहाँ भाजपा को 150 से 160 सीटें और टीएमसी को 130 से 140 सीटें मिलने का अनुमान है। पोल डायरी के आंकड़ों में भी भाजपा को स्पष्ट बढ़त दिखाई गई है। इस एजेंसी के मुताबिक, भाजपा 142 से 171 सीटें जीतकर आसानी से बहुमत हासिल कर सकती है, जबकि टीएमसी को काफी नुकसान उठाना पड़ सकता है और वह 99 से 127 सीटों के बीच सिमट सकती है। मैट्रिज के एग्जिट पोल के अनुसार, पश्चिम बंगाल में भाजपा शानदार प्रदर्शन करते हुए 146 से 161 सीटें जीत सकती है और सत्ता की ओर बढ़ती दिख रही है। वहीं, राज्य की सत्ताधारी टीएमसी को 125 से 140 सीटों से संतोष करना पड़ सकता है। इस सर्वे में अन्य दलों के खाते में 6 से 10 सीटें जाने का अनुमान जताया गया है। केरल विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल के आंकड़े सामने आ गए हैं, जिनमें राज्य में सत्ता परिवर्तन के स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं। 140 सीटों वाली केरल विधानसभा में बहुमत का जादुई आंकड़ा 71 है। छह प्रमुख एग्जिट पोल्स में से पांच सर्वे में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलता हुआ दिखाई दे रहा है। पुदुचेरी विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल में एनडीए पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाता दिख रहा है। पीपल्स पल्स और एक्सिस माय इंडिया दोनों ही एजेंसियों के सर्वे में एनडीए को कांग्रेस गठबंधन पर स्पष्ट बढ़त मिली है।