गाजियाबाद (युग करवट)। सुभाषवादी भारतीय समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष पवन सक्सेना ने बताया कि मीठे पानी को लेकर लगातार शिकायतें आ रही थीं। नगर निगम जल बोर्ड द्वारा आपूर्ति किया जा रहा पानी अक्सर गंदा आ रहा है। लोगों से मुलाकात कर समस्या के समाधान के लिए निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में पता चला कि मीठे पानी की सप्लाई की मेन लाइन कई जगह से फूटी हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह लाइन एक वर्ष से अधिक समय से फूटी हुई है और हजारों क्यूसेक पानी नालियों में बह चुका है। नगर निगम के अधिकारियों से कई बार शिकायत करने के बावजूद भी यह लाइन ठीक नहीं कराई गई। साहिबाबाद, गाजियाबाद की जनता पानी के लिए तरस रही है। नगर निगम के अधिकारी एसी में बैठकर जनता को मीठे पानी के लिए परेशान कर रहे हैं। नाग द्वार करहेड़ा गांव में कुओं से पानी निकाल कर नदी-नालों में बहाया जा रहा है। जनता की मेहनत की कमाई का पैसा टैक्स के रूप में लेकर बर्बाद किया जा रहा है।