भाजपा का ऑपरेशन ‘आप’
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के हनुमान कहे जाने वाले राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी की लंका लगा दी। कल मैंने इसी कॉलम में लिखा था कि अब राजनीति में कोई समर्पण नहीं रहा है। अब केवल जहां जिसका जितना फायदा होता है वो उसी रास्ते पर चल देता है। राघव चड्ढा आम आदमी पार्टी के एक बहुत ही मजबूत स्तंभ थे और कोई सपने में भी नहीं सोच सकता था कि वो आम आदमी पार्टी की लंका लगा देंगे। दरअसल, ये एक बड़ा ऑपरेशन था जो पिछले सप्ताह से चल रहा था। अगर ये कहा जाए कि आम आदमी पार्टी का भाजपा में राज्यसभा में एक तरह से विलय हो गया तो गलत नहीं होगा। राज्यसभा सांसद जो राघव चड्ढा के साथ गये हैं और भाजपा ज्वाइन की है उनका यही कहना है कि वो अब राज्यसभा में एक नये गुट के रूप में भाजपा के साथ हैं। यानि राज्यसभा से आम आदमी पार्टी का खाता राघव चड्ढा ने बंद करा दिया। घर के भेदी ने ही लंका ढहा दी। ये ऑपरेशन कमल कई दिन से चल रहा था लेकिन इतना बड़ा झटका मिलेगा ये किसी को उम्मीद नहीं थी। बात अब खाली राज्यसभा तक नहीं है अब राघव चड्ढा के निशाने पर एक तरीके से पंजाब सरकार आ गई है। राज्यसभा सांसदों की बगावत के बाद अब पंजाब सरकार में विधायकों की बड़ी बगावत की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और ऐसा माना जा रहा कि पंजाब में बहुत कुछ बदलाव होने वाला है। दरअसल मैंने इसी कॉलम में ये भी लिखा था कि जहां से लोग सोचना बंद कर देते हैं दिल्ली वाले वहां से सोचना शुरू करते हैं। पश्चिमी बंगाल के पहले चरण के चुनाव के बाद भाजपा का ऑपरेशन कमल निसंदेह पश्चिमी बंगाल के चुनाव पर असर डालेगा इससे इनकार नहीं किया जा सकता। भाजपा का हर ऑपरेशन टाइमिंग के हिसाब से होता है और वो उस टाइमिंग का पूरा राजनीतिक लाभ भी लेती है। इसके कई उदाहरण मौजूद हैं। बहरहाल, राघव चड्ढा के जरिये भाजपा ने जो आप के खिलाफ ऑपरेशन कमल शुरू किया है वो अभी रूकने वाला नहीं है और पंजाब में भी कुछ ना कुछ इस ऑपरेशन का नजारा जल्दी ही देखने को मिलेगा। जय हिंद