गाजियाबाद (युग करवट)। विकास भवन स्थित जिला प्रोबेशन विभाग में शुक्रवार को उस समय हंगामा मच गया जब विभाग के किसी कर्मचारी ने डॉ.भीमराव अम्बेडकर की तस्वीर को जाली ढकने के लिए दीवार पर लगा दिया। इस मामले की जानकारी अधिवक्ताओं को मिली तो उन्होंने विभाग में पहुंचकर जमकर हंगामा किया। अधिवक्ताओं के हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को संभाला। अधिवक्ता हरेन्द्र गौतम ने बताया कि विभाग के पीछे से जब वह अपने चैम्बर की ओर जा रहे थे, उन्होंने जाली के ऊपर बाबा साहेब की तस्वीर लगी देखी जो दीवार की जाली को ढक़ने के लिए लगाई गई थी, तस्वीर के ऊपर चढ़े कवर को भी फाड़ दिया गया है। इसकी जानकारी अन्य अधिवक्ताओं को दी गई उसके बाद वकीलों ने विभाग में पहुंचकर जमकर हंगामा किया। अधिवक्ताओं का आरोप है कि मौके पर मौजूद कर्मचारी जितेन्द्र से जब इस सम्बंध में शिकायत की गई तो उन्होंने जवाब दिया कि तस्वीर की कोई जरूरत नहीं थी, इस पर अधिवक्ता और भडक़ उठे। अधिवक्ताओं ने कहा कि मौके पर विभागीय प्रभारी भी मौजूद नहीं थे। इस मामले को लेकर काफी देर तक अधिवक्ता विभाग में हंगामा करते रहे, लेकिन कर्मचारियों ने बाबा साहेब की तस्वीर को नहीं हटाया। हालांकि शिकायत पर पहुंची पुलिस ने अधिवक्ताओं को समझाया और तत्काल बाबा साहब की तस्वीर को जाली से हटवा कर सम्मानपूर्वक दीवार पर लगाया। हालांकि अब इस मामले में अधिवक्ताओं ने कविनगर थाना प्रभारी के नाम शिकायत देकर कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। अधिवक्ताओं ने कहा कि अगर इस मामले में कार्रवाई नहीं हुुई तो आंदोलन किया जाएगा, लेकिन किसी भी कीमत पर बाबा साहब का अपमान नहीं बर्दाश्त किया जाएगा।
करीब एक घंटे तक विभाग में हंगामा चलता रहा, लेकिन इस दौरान कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे।