राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने किया जिले का भ्रमण
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने शुक्रवार को जिले का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने आंगनबाडी केन्द्र, वन स्टॉप सेन्टर व महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। सबसे पहले आयोग उपाध्यक्ष करहेडा स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र पहुंची जहां उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई व अन्न प्राशन कार्यक्रम किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण हेतु महिलाओं का पोषण अत्यंत आवश्यक है। इसलिए महिलाएं और उनके परिजन उनके पोषण पर जरूर ध्यान दें। इसके उपरांत जिला संयुक्त अस्पताल में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में सम्मिलित हुई और दस नवजात कन्याओं का जन्मोत्सव केक काटकर मनाया। व बेबी किट और मिठाई वितरित की। अपर्णा यादव ने वन स्टॉप सेन्टर का निरीक्षण करते हुए केन्द्र पर आए प्रकरणों की जांच की व अधिकारियों को निर्देश दिए कि समय से उनका निस्तारण करें। फिर उन्होंने जिला महिला अस्पताल में भी आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया और निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि मरीजों को समुचित उपचार व देखभाल दी जाए, इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी शशि वाष्र्णेय, विधि सह परिविक्षा अधिकारी लोकेन्द्र सिंह, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी नीरज सिंह आदि मौजूद रहे।