गाजियाबाद (युग करवट)। जयपुरिया सनराइज ग्रीन के १६वें माले से गिरने से हुई १८ साल की संध्या कन्नौजिया की मौत का मामला इंदिरापुरम थाना पुलिस के लिये उस समय सिर दर्द बन गया कि जब मृतका का अंतिम संस्कार करने आये परिजनों ने पुलिस पर संगीन आरोप लगाते हुए अपनी पुत्री का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। इतना ही नहीं मृतका के परिजनों ने पुलिस पर शव को कब्जे में लेने की बात कहकर श्मशान घाट पर हंगामा करना शुरू कर दिया। इससे पहले मामला और जटिल होता उससे पूर्व ही मौके पर पुलिस के आला अफसर भी पहुंच गये। उसके बाद अधिकारियों ने उक्त मामले की जांच पूरी निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ करने का आश्वासन देकर किसी प्रकार माहौल को शांत किया। उसके बाद युवती का अंतिम संस्कार हुआ। इस प्रकरण के संदर्भ में एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस पर लगाये गये आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद हैं।