गाजियाबाद (युग करवट)। नगर निगम के कर्मचारियों पर 80 वर्षीय बुजुर्ग से पानी के कनेक्शन के नाम पर 8200 रुपये ठगने के आरोप लगे हैं। लाल क्वाटर निवासी पीडि़त जयपाल सिंह ने बताया कि उन्होंने पिछले महीने जलकल विभाग में पानी के कनेक्शन के लिए आवेदन किया था।
इसके कुछ दिन बाद नगर निगम के दो कर्मचारी राजेंद्र और किशन पाल सिंह उनके घर पहुंचे। दोनों ने कनेक्शन कराने के नाम पर 82 सौ रुपये ले लिए। बुजुर्ग का आरोप है कि पैसे लेने के बाद भी न तो कनेक्शन दिया गया और न ही कोई काम किया गया। बाद में उन्हें पता चला कि इस कनेक्शन के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता। क्योंकि उनका कनेक्शन पहले से था और केवल निर्माण कार्य के कारण पाइप टूट गई थी। इसके बाद जयपाल सिंह ने इस मामले की शिकायत नगर निगम मुख्यालय में की। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों कर्मचारी बार-बार उनके घर पहुंचने लगे और उन्हें धमकाने लगे। बुजुर्ग के मुताबिक दोनों ने कहा कि अगर वे सस्पेंड हो गए तो उन्हें जान से मार देंगे। डर के बीच बुजुर्ग ने सिहानी गेट थाने और पुलिस कमिश्नर से भी शिकायत की है। उन्होंने बताया कि आरोपी कर्मचारी वॉकी-टॉकी लेकर आए थे, जिससे वे असली कर्मचारी लग रहे थे। हालांकि विभागीय जानकारी के मुताबिक दोनों ही कर्मचारी इस तरह के उपकरण के अधिकृत नहीं हैं। जिस जोन में यह वसूली की गई। वहां इन कर्मचारियों की ड्यूटी भी नहीं थी। इसके बावजूद वे वहां पहुंचकर खुलेआम वसूली कर रहे थे।
शिकायत के आधार पर की जा रही है शिकायत: के.पी. आनंद
जलकल नगर निगम के जीएम केपी आंनद का कहना है कि कुछ दिनो पहले भी दोनों कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत मिल चुकी है लेकिन साक्ष्य के अभाव में कार्रवाई नहीं हो पाई थी। इस बार बुजुर्ग की शिकायत पर जांच शुरू कर दी गई है और दोनों कर्मचारियों से दो दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। शिकायत में सही पाए जाने के बाद दोनों कर्मचारियों पर कार्यवाही की जाएगी।