विधायक संजीव शर्मा ने उठाई जिले में जाम की समस्या
भूमाफियाओं पर होगी कठोर कार्रवाई: अश्वनी त्यागी
गाजियाबाद (युग करवट)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की विनियमन समीक्षा समिति के सभापति अश्वनी त्यागी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक की गई। बैठक के दौरान सभापित अश्वनी त्यागी ने जहां भूमाफियाओं पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए वहीं शहर विधायक संजीव शर्मा ने जिले में जाम की समस्या को प्रमुखता से उठाया।
समिति का स्वागत डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़, सीडीओ अभिवन गोपाल द्वारा किया गया। इसके बाद समिति ने 67 बिन्दुओं पर समीक्षा की। इस दौरान समिति के समक्ष शहर विधायक संजीव शर्मा ने जिले की ट्रैफिक व्यवस्था को सही करने व लोगों को जाम से मुक्त करने का मुद्दा उठाया। सभापति अश्वनी त्यागी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले को जाम से मुक्त करने के लिए हर सम्भव कार्य किए जाएं, सडक़ों पर अतिक्रमण या अवैध पार्किंग को हटाया जाए। इसके अलावा अगर कहीं सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे किए जा रहे हैं, तो वहां माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। इसके अलावा बैठक में स्मार्ट मीटर में आ रही परेशानियों को लेकर भी समिति ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानवीय संवेदना को ध्यान में रखते हुए कार्य किया जाए। स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग को सेवाओं में लापरवाही न बरते जाने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में विधान परिषद सदस्य वीरेन्द्र सिंह, धर्मेन्द्र भारद्वाज, श्रीचंद शर्मा, पवन कुमार सिंह, ओम प्रकाश सिंह, विधायक संजीव शर्मा, जीडीए बोर्ड सदस्य पवन गोयल व पार्षद वीरेंद्र त्यागी, डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़, एडिशनल सीपी केशव कुमार चौधरी, जीडीए वीसी नंदकिशोर कलाल, नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, सीडीओ अभिनव गोपाल, डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुन बिशेन, समिति से अनुसचित अरूण प्रकाश शर्मा, समीक्षा अधिकारी मयंक यादव, प्रतिवेदक आशीष सिंह, सहायक समीक्षा अधिकारी अभिनव तिवारी आदि मौजूद रहे।