गाजियाबाद (युग करवट)। जीडीए शहर के प्रमुख पांच गोल चक्करों का सौंदर्यीकरण ग्रीनलैंड की थीम पर कराने जा रहा है। इस कार्य के पहले चरण का काम अब जीडीए ने शुरू कर दिया है। इस पहले चरण में जीडीए ने डीपीएस चौराहा, लीलावती चौराहा, मधुबन बापूधाम योजना में बुनकर मार्ट चौराहे, रिवर हाईट्स चौराहा, होली चाइल्ड चौराहा, हिंट चौक, अजनारा चौराहा के साथ ही हापुड़ तिराहे को भी चिन्हित किया है। चौराहे पर डिजाइनर लाइट, कम देखभाल वाले पौधे, फव्वारा, चौराहे के चारो ओर फेसिंग आदि कराई जाएगी। इसके अलावा चौराहे के आसपास अतिक्रमण को हटाया जाएगा, फुटपाथ का भी सौंदर्यीकरण किया जाएगा, जिससे चौराहे पर आवागमन करने वाले वाहन चालक बिना किसी जाम के सीधे अपने गंतव्य की ओर निकल सकें। इसको लेकर जीडीए की कार्ययोजना तैयार हो चुकी है। कार्यदायी संस्था की ओर से सर्वे का काम भी किया जा रहा है। इस साल के अंत तक शहर के कम से कम पांच चौराहे ग्रीन लैंड की थीम पर पूरी तरह से विकसित हो जाएंगे। जीडीए अधिकारियों के मुताबिक चौराहों के सौंदर्यीकरण का काम शुरू हो गया है। दूसरे चरण में अन्य चौराहों को योजना में शामिल किया जाएगा।