गाजियाबाद (युग करवट)। लोनी क्षेत्र में स्थित गैस की एजेंसी में चोरी होने का सिलसिला बादस्तूर जारी है। सूत्रों के अनुसार चोरों ने इस एजेंसी को निशाना बनाते हुए एक बार फिर से लाखों की कीमत के एक दर्जन सिलेंडर चुरा लिये। इस वारदात की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिये गैस एजेंसी के मालिक ने थाने में तहरीर दे दी। पुलिस के मुताबिक पिछले कुछ दिनों के अंदर इस एजेंसी में तीसरी बार चोरी हुई है। चोरी की इन वारदातों में चोर दर्जनों सिलेंडर चुराकर ले जा चुके हैं। सूत्रों का कहना है कि पुलिस की उदासीनता के चलते चोर गैस एजेंसियों को आये दिन निशाना बना रहे हैं। उधर पुलिस का कहना है कि गैस एजेंसी में चोरी करने वाले गैंग को जल्द ही दबोच लिया जायेगा।