नई दिल्ली (युग करवट)। दिल्ली विधानसभा में सोमवार को सुरक्षा में चूक का बड़ा मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश नंबर की एक सफेद रंग की कार गेट पर लगे बैरियर तोडक़र विधानसभा परिसर में घुस गई। कार के अंदर से एक नकाबपोश शख्स नीचे उतरा और एक गुलदस्ता विधानसभा परिसर में रखकर वापस लौट गया। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा दिए हैं। बताया जा रहा है यह घटना विधानसभा के गेट नंबर दो पर हुई है। पुलिस ने मामले में कार चालक समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। उत्तर जिला पुलिस टीम ने रूपनगर इलाके में पिकेट पर वाहन को जब्त किया। आरोपी चालक सबरजीत पीलीभीत के पूरनपुर का रहने वाला बताया जा रहा है।