गाजियाबाद (युग करवट)। सैदपुर गांव में कुछ दिन पूर्व महिला व उसके पुत्र पर हुए जानलेवा हमला और आरोपितों द्वारा की गई अश्लील हरकत की वारदात को गंभीरता से ना लेना एसएचओ भोजपुर सुरेंद्र सिंह पर भारी पड़ गया। जीरो टॉलरेंस नीति के पक्षधर पुलिस आयुक्त जे रविंदर गौड ने महिला की शिकायत के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक को सस्पेंड कर दिया। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच भी बैठा दी। बता दें कि सैदपुर गांव में रहने वाली एक महिला ने अपने जेठ व उसके पुत्रों आदि पर जानलेवा हमला करने व उसकी हज्जत पर डाका मारने के प्रयास करने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए भोजपुर थाने में तहरीर दी थी। उस समय एसएचओ ने इस प्रकरण को हल्के फुल्के में लेकर बस खानापूर्ति कर दी। सीपी ने उक्त प्रकरण की संवेदनशीलता की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने में देरी नहीं लगाई।