सरगना समेत दो मेरठ से और दो छपरौला के
लखनऊ (युग करवट)। यूपी एटीएस ने देश विरोधी साजिश का बड़ा खुलासा करते हुए आईएसआई के इशारे पर काम करने वाले एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। मॉड्यूल से जुड़े चार आतंकी लखनऊ रेलवे स्टेशन व उसके आसपास विस्फोट करने की फिराक में थे। तभी एटीएस की टीम ने उनको दबोच लिया। मॉड्यूल देश भर में रेलवे सिग्नल बॉक्स, सिलिंडर भरे वाहनों और प्रतिष्ठित संस्थानों में आगजनी कर दहशत फैलाने की साजिश रच रहे थे। सबसे पहला निशाना लखनऊ रेलवे स्टेशन था। आरोपियों ने कई नेताओं की भी रेकी कर रहे थे। एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश के मुताबिक, मेरठ निवासी साकिब उर्फ डेविल गिरोह का सरगना है। वह टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और सिग्नल जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर और कट्टरपंथी संगठनों के संपर्क में था। उसका सहयोगी मेरठ निवासी अरबाब भी इस नेटवर्क में सक्रिय भूमिका निभा रहा था। दोनों ने मिलकर गौतमबुद्धनगर के छपरौला निवासी विकास उर्फ रौनक और लोकेश उर्फ पपला को पैसों का लालच देकर अपने साथ जोड़ा। एटीएस के पास इसका पूरा इनपुट था। इसलिए टीमें आरोपियों को ट्रेस करते हुए मौके पर पहुंची और चारों को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी साकिब नाई का काम करता है।