गाजियाबाद (युग करवट)। जलकल जल निगम तथा वीए टैक वाबैग की संयुक्त कार्य से इंदिरापुरम में सीवर ओवरफ्लो समस्या का समाधान हो गया है। जिससे हजारों लोगों को राहत मिली है। नगर निगम ने बिना सडक़ को क्षति पहुंचाए 6 महीने में हाईटेक पद्धति का इस्तेमाल करते हुए ट्रेंच लेस विधि से 1800 एमएम की सीवर कनेक्टिंग लाइन डाली। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में इस समस्या निस्तारण की कवायद की गई थी। साथ ही गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा डाली गई पुरानी लाइन को डेढ़ मीटर तक नीचे किया गया। लगभग साढ़े तीन करोड़ की लागत से सीवर की लाईन को डाला गया। इस कार्य समिति में जल निगम के चीफ आर के पंकज, अधीक्षण अभियंता जल निगम चंद्र मोहन सोलंकी,अधिशासी अभियंता अरुण प्रताप सिंह, जलकल विभाग नगर निगम से महाप्रबंधक कामाख्या प्रसाद आनंद तथा अधिशासी अभियंता आश कुमार, वी ए टैक वाबैग के प्रोजेक्ट हेड अनुज त्रिपाठी शामिल रहे। इस योजना के शुरू होने से पहले इंदिरापुरम क्षेत्र के अंदर पुरानी डाली हुई सिविल लाइन का गहनता से अध्ययन किया गया इसके उपरांत बाकी की योजना को पूरा किया गया। नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक निगम इंदिरापुरम क्षेत्र में लगातार बेहतर कार्य कर रहा है। शहर की एक-एक समस्या का समाधान भी कराया जा रहा है। चार स्थानों पर पैच बनाते हुए छह महीने के अन्दर कार्य किया गया। जिससे भविष्य में निवासियों को परेशानी न हो।