स्कूल चलो अभियान का कैबिनेट मंत्री ने किया शुभारंभ
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आज से स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ किया गया। अधिक से अधिक बच्चे शिक्षित हो सकें, इसके लिए जिले में यह अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को इस अभियान का शुभारंभ करहेडा स्थित प्राथमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की सबसे सशक्त नींव है। हर बच्चे को विद्यालय से जोडऩा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नवाचार और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का मूल आधार बताते हुए कहा कि जब एक बच्चा शिक्षित होता है, तो एक परिवार, एक समाज और अंतत: पूरा राष्ट्र सशक्त होता है। उन्होंने अभिभावकों व शिक्षकों से अधिक से अधिक बच्चों का स्कूल में नामांकन कराने की अपील की। कार्यक्रम में गत सत्र में सर्वश्रेष्ठ नामांकन कराने वाले पांच प्रधानाध्यापकों व शिक्षकों को सम्मानित किया गया। छात्रों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। इसके उपरांत स्कूल चलो अभियान की रैली निकाल कर ‘हर बच्चा स्कूल जाए’ का संदेश दिया गया। इस अवसर पर बीएसए ओपी यादव,पूर्व पार्षद विजेन्द्र चौहान, एडीआईओएस सतीश पांडे, डीसी पवन कुमार भाटी, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी विकास बघेल, डीसी समग्र शिक्षा रूचि त्यागी, सिंपल चौधरी, टिकंू कंसल, कशिश, विजय बघेल, नरेन्द्र कौशिक, नरेन्द्र कुमार आदि मौजूद रहे।