गाजियाबाद (युग करवट)। गृहकर पीडि़त संघर्ष समिति की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं एवं आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी की। बैठक में गृहकर की बढ़ोतरी के मुद्दे पर व्यापक चर्चा करते हुए आगामी रणनीति तय की गई।
बैठक की अध्यक्षता पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महासचिव तिलक राज अरोड़ा एवं संघर्ष समिति के संयोजक प्रीतम लाल ने की। प्रीतम लाल ने बताया कि 24 मार्च को जिलाधिकारी को गृहकर वृद्धि के विरोध में ज्ञापन सौंपा गया था। ज्ञापन दिए जाने के पश्चात लगभग एक सप्ताह बीत चुका है।
प्रशासन की ओर से 31 मार्च तक सॉफ्टवेयर अपडेट के नाम पर समय मांगा गया था। इस दौरान मेयर सुनीता दयाल ने आश्वासन दिया था कि गृहकर पुराने रेट पर ही लिया जाएगा, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक या सकारात्मक जवाब प्राप्त नहीं हुआ है। सर्वसम्मति से तय किया गया कि 2 अप्रैल को सांसद अतुल गर्ग को ज्ञापन सौंपा जाएगा। समिति का कहना है कि सांसद से स्पष्ट और ठोस आश्वासन मिलने के बाद ही आगे की रणनीति तय की जाएगी। बैठक में बालकिशन गुप्ता, ओम दत्त गुप्ता, महानंद नागर, संजय शर्मा, अमित गोयल, विशाल गोस्वामी, तिलक राज अरोड़ा, आरके आर्य, धीरेंद्र यादव, वीरेश चंद्र सिंह, राजीव अग्रवाल, विनय गुप्ता, वीपी सिंह, राजपाल शर्मा, नरेंद्र गुप्ता नंदी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।