नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। स्मार्ट मीटर रिचार्ज को लेकर उपभोक्ताओं के सामने आ रही समस्याओं को दूर करने के लिए विद्युत विभाग घर-घर जाकर समझाने में जुटा है। विद्युत विभाग उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर की खूबियों से लेकर उसके रिचार्च सहित अन्य प्रक्रियों के बारे में समझाने में जुटा है। इतना ही नहीं पोस्टर बैनर के जरिए भी लोगों को बिन्दुवार प्रीपैड मीटर के संचालन की जानकारी दी जा रही है।
बता दें कि प्रीपैड मीटर रिचार्ज न होने के कारण उपभोक्ताओं को बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में एकसाथ तीस हजार के करीब उपभोक्ताओं के कनेक्शन कट गए थे। इतना ही नहीं बिल रिचार्ज कराने के बाद भी उनके कनेक्शन चालू नहीं किए गए थे। आए दिन उपभोक्ताओं के सामने समस्या आ रही है।
सबसे अधिक समस्या पॉजीटिव बिल होने के बाद भी बिजली कटने के सामने आ रहे हैं। इस स्थिति को देखते हुए विद्युत विभाग ने जागरूकता अभियान शुरू किया हुआ है। मुख्य अभियंता जोन-1 पवन कुमार अग्रवाल ने बताया कि लगातार उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर की प्रक्रिया के सम्बंध में जागरूक किया जा रहा है। ताकि जो समस्याएं आ रही हैं, वह दूर हो सकें। जहां से भी शिकायत आ रही है उस पर भी कार्रवाई की जा रही है। उपभोक्ताओं से बिल पॉजीटिव रखने, समय से रिचार्ज किए जाने की अपील भी की जा रही है जिससे उन्हें बिजली कट का सामना न करना पड़ें।