गाजियाबाद (युग करवट)। टीला मोड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत भल्ला फॉर्म हाउस उस समय युद्घ का मैदान बन गया कि जब वहां पर विवाह समारोह आयोजित हो रहा था। इस घटना के दौरान बारातियों, घरातियों एवं फॉर्म हाउस के कर्मचारियों में काफी देर तक संघर्ष होता रहा। झगड़े में जहां आधा दर्जन से अधिक लोगों को चोटें आईं वहीं तीन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल भी हो गये। घायलों को उपचार के लिये अस्पताल में भर्ती कराया गया। फॉर्म हाऊस में हुए झगड़े की सूचना मिलने के बाद टीला मोड पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शांति व्यवस्था कायम की। पुलिस के मुताबिक झगड़ा करने वाले लोगों में अधिकांश पसौंड़ा और इसकी आसपास की बस्तियों में रहने वाले हैं। पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष ने थाने में तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जायेगी।