गाजियाबाद (युग करवट)। गुरूवार को कानपुर से आई एक युवती ने हिंडन बैराज के पास नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। गनिमत यह रही कि जब युवती नहर में कूदी तो उस समय वहां पर कुछ मछुआरे भी मौजूद थे। युवती को छलांग लगाते देखकर एक साहसी मछुआरे ने भी देरी किये बिना नहर में छलांग लगा दी। उसके बाद मछुआरे ने युवती को सुरक्षित तरीके से पानी के बाहर निकाल लिया। इस घटना की सूचना पाकर इंदिरापुरम थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उसके बाद युवती को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसने अपना नाम निम्मी आरती पुत्री सतीश निवासी कानपुर बताया। इस घटना के संदर्भ में जब एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव से पूछा गया तो उनका कहना था कि अभी तक बस युवती का नाम व उसका पता ही मिल पाया है। उसकी बदहवास स्थिति होने की वजह से वह अभी तक यह नहीं बता पाई है कि वो कानपुर से कैसे और क्यों आई और उसने नहर में कूदकर गाजियाबाद में ही आत्महत्या का प्रयास क्यों किया।