गाजियाबाद (युग करवट)। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने जनसुनवाई की। जन सुनवाई के दौरान राजस्व विभाग, जीडीए, नगर निगम, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, निर्माण विभाग सहित अन्य विभागों की शिकायती पत्र प्राप्त हुए। जिलाधिकारी प्रत्येक कार्य दिवस में सुबह 10 से 12 बजे जन शिकायतें सुनते हैं। रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने पीडि़तों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और दो व्यक्तियों को उनके परिवार से सम्बंधित परेशानियों के निदान के लिए रेड क्रास सोसाइटी के माध्यम से सहायता प्रदान की। प्रदीप निवासी शास्त्री नगर के पुत्र की नौकरी नहीं लगने के चलते आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा था, इन्हे 30,000 रूपये की सहायता प्रदान करने की स्वीकृति दी। रामप्रसाद सिंह निवासी वैशाली की पत्नी को कैंसर, पथरी व दिल से सम्बंधित बीमारी है जिनका यशोदा हॉस्पिटल में ईलाज चल रहा था, पैसे की तंगी के चलते अब घर पर बीमारियों का दु:ख झेल रही है। जिलाधिकारी ने इन्हें 40,000 रूपये की सहायता प्रदान करने की स्वीकृति दी। साथ ही अस्पताल से इस्टीमेंट देने को कहा, जिससे मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता प्रदान की जा सके।