पर्यटन मंत्री ने किया दूधेश्वरनाथ मंदिर में प्रवेशद्वार व हॉल का लोकार्पण
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने गुरुवार को शहर के ऐतिहासिक दूधेश्वरनाथ मंदिर में मुख्य प्रवेशद्वार व मल्टीपरपज हॉल का शुभांभ किया। मंदिर के वेद विद्यापीठ के आचार्य लक्ष्मीकांत पाढी व छात्रों ने मंत्रोच्चार के साथ द्वार का शुभारंभ किया। इसके उपरांत मंदिर परिसर में बने मल्टीपरपज हॉल के साथ जिले में पर्यटन विभाग की अन्य योजनाओं का भी लोकापर्ण व शिलान्यास किया।
इस अवसर पर पर्यटन मंत्री ने कहा कि पूर्व की सरकारों के कार्यकाल में कब्रिस्तानों की बाउंड्री होती थी, लेकिन अब रामलीला मैदानों, मंदिरों में विकास कार्य होते हैं। पूर्व की सरकारों ने कभी मंदिरों के विकास के नाम पर एक पैसा खर्च नहीं किया। लेकिन भाजपा सरकार पूरे प्रदेश में पर्यटन विभाग द्वारा 40 हजार मंदिरों का सौंदर्यीकरण व विकास कार्य करवा रही है। हमारी सरकार ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने का काम किया है। ताकि मंदिर आने वाले भक्तों को कोई असुविधा न हो।
सांसद अतुल गर्ग ने कहा कि सरकार तेजी से देश और प्रदेश के विकास में जुटी हुई है। हर क्षेत्र हर वर्ग को विकास योजनाओं का लाभ मिल रहा है। इसी कड़ी में जो धार्मिक स्थल अधुरे थे, जर्जर थे, आज उनका सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। उन्होंने दूधेश्वरनाथ मंदिर को अपनी सांसद निधि से दस एसी दिए जाने का भी ऐलान किया। विधायक संजीव शर्मा ने पर्यटन मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि विधायक सीधे विकास कार्यो की योजना शासन को भेजें, लाखों के नहीं बल्कि करोड़ों के विकास कार्य कराएं जाएंगे ताकि प्रदेश की जनता को लाभ मिल सके। बता दें कि दूधेश्वरनाथ मंदिर में पांच करोड़ 52 लाख 25 हजार रुपए की लागत से कार्य कराएं गए हैं। तो वहीं मुरादनगर के गांव कुन्हैड़ा में भगवान परशुराम मंदिर में लोकापर्ण 92 लाख रुपए की कीमत केे विकास कार्य का लोकापर्ण कराया गया है। मोदीनगर के सीकरी महामाया मंदिर में भी 70 लाख 25 हजार रुपए की लागत से विकास कार्यो का लोकापर्ण पर्यटन मंत्री ने किया है। इसके अलावा साहिबाबाद विधानसभा में वार्ड-31 सिहानी में स्थित प्राचीन शिव मंदिर का विकास कार्य एक करोड़ 13 लाख, 11 हजार रुपए से किया गया है। निवाड़ी में स्थित चुकाय वाली माता मंदिर में 74 लाख 45 हजार और गांव असालतनगर में हनुमान मंदिर में 94 लाख 18 हजार रुपए की लागत से होने वाले विकास कार्यो की योजनाओं को पर्यटन मंत्री ने शिलान्यास किया है। शहर के ऐतिहासिक दूधेश्वरनाथ मंदिर का सौंदर्यीकरण का कार्य कराए जा रहे हैं। इन कार्यो को करीब सवा पांच करोड़ रुपए की लागत से किया जा रहा है। इस मौके पर पर्यटन मंत्री का स्वागत मंदिर के महंत नारायण गिरी महाराज ने पटका, माला पहना कर व श्रीराम दरबार की प्रतिमा भेंट कर किया। पर्यटन मंत्री ने मंदिर में प्रवेश करने के बाद सबसे पहले भगवान दूधेश्वर पर जलाभिषेक का पूजन किया। कार्यक्रम में मोदीनगर विधायक डॉ.मंजू सिवाच, मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी, शहर विधायक संजीव शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, महंत गिरीशानंद गिरी, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी दीपिका, एसीएम रामशरण आदि मौजूद रहे।