ग्रेटर नोएडा ( युगकरवट) । जनपद गौतमबुद्ध नगर में सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में संपन्न हुई। कार्यशाला का उद्देश्य इंटरनेट के सुरक्षित, जिम्मेदार एवं सकारात्मक उपयोग के प्रति अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जागरूक करना था। कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने कहा कि डिजिटल युग में इंटरनेट हमारे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुका है, ऐसे में साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक रहें तथा आमजन को भी साइबर अपराधों से बचाव संबंधी जानकारी प्रदान करें। इस दौरान उन्होंने बच्चों में बढ़ते मोबाइल एवं इंटरनेट उपयोग पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज के समय में बच्चों का अत्यधिक समय मोबाइल और इंटरनेट पर व्यतीत होना एक गंभीर विषय बनता जा रहा है।
अभिभावकों का दायित्व है कि वे बच्चों को अनावश्यक रूप से मोबाइल से दूर रखें तथा यदि शैक्षिक या अन्य आवश्यक कारणों से मोबाइल का उपयोग कराया जा रहा है तो उस पर निरंतर अभिभावक निगरानी करें।