आगरा (युग करवट)। थाना खंदौली क्षेत्र में आज दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया। तेज रफ्तार कंटेनर ने दो ऑटो को रौंद दिया। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे में घायल हुए लोगों को एसएन और निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों ऑटो एक ही दिशा में जा रहे थे। तभी पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले एक ऑटो को टक्कर मारी और फिर दूसरे ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ऑटो चकनाचूर हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही थाना खंदौली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद आरोपी चालक को लोगों ने दबोच लिया। उसके साथ मारपीट की गई। मृतकों के नाम बीजो, लख्मीचंद ,रणवीर सिंह, बिल्ला मिस्त्री, शाहिद बताए गए हैं। हादसे में घायल विजय सिंह और उदय सिंह अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं।