शुभारंभ से पहले क्षेत्र के जनप्रतिनिधि को दी जाए कार्य की जानकारी: मुकेश चौधरीप्राक्कलन समिति की उप समिति ने की विकास कार्यो की समीक्षा
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। शुक्रवार को विकास भवन के सभागार में प्राक्लन समिति की प्रथम उप समिति की बैठक आयोजित की गई। समिति के सभापति मुकेश चौधरी की अध्यक्षता में यह बैठक हुई जिसमें विभिन्न विभागों के निर्माण कार्यो, परियोजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। सभापति मुकेश चौधरी के नेतृत्व में पहुंची समिति में सदस्य लक्ष्मी राज सिंह, वीर विक्रम सिंह प्रिंस, शाहिद मंजूर, डॉ.मंजू सिवाच शामिल रहे। समिति का स्वागत डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ ने प्लांट देकर किया।
इसके उपरंात बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं बजटीय प्रावधानों की समीक्षा करते हुए सभापति मुकेश चौधरी ने कहा कि सडक़ों, व अन्य निर्मार्णो को अतिक्रमण मुक्त, सुरक्षित व गड्डामुक्त बनाया जाए, निर्माण कार्याे की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए,अन्य विभागों को भी साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर करने, कूड़ा-करकट के प्रभावी निस्तारण व जलभराव की समस्या के स्थाई समाधान किए जाने के निर्देश दिए। सभापति ने कहा कि निर्माण कार्य के शुभारंभ से पूर्व जनप्रतिनिधियों से सम्पर्क का उन्हें उनके क्षेत्र में होने वाले कार्यो का पूरा विवरण दिया जाए साथ ही उनसे समन्वय स्थापित करते हुए जनसमस्याओं का त्वरित रूप से समाधान करने के निर्देश दिए। समिति ने जिला पंचाचती राज अधिकारी जाहिद हुसैन को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत में बने पुस्तकालयों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, स्वयं सहायता समूह की बहनों द्वारा बनाए जा रहे उत्पादों को विक्रय करने के लिए नगर पंचायतों एवं नगर निगमो में भीड़-भाड़ वाली जगहों पर दुकानें बनाई जाएं। जिससे उनके उत्पाद विक्रय हो सकें। मुकेश चौधरी ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ हर पात्र तक पहुंचाया जाए, उनके प्रचार-प्रसार के लिए जनप्रतिनिधियों का सहारा लिया जाए। इस अवसर पर समिति की बैठक में अनुसचिव अभय कुमार पाठक, सहायक समीक्षा अधिकारी उपेन्द्र नाथ मिश्रा, विनय कुमार, प्रतिवदेक अनुराग श्रीवास्वत, अनुसेवक प्रवेश, सोहन लाल, डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़, एडिशनल सीपी केशव कुमार चौधरी, जीडीए वीसी नंद किशोर कलाल, सीडीओ अभिनव गोपाल, डीसीपी ट्रेफिक त्रिगुण बिशेन, जीडीए सचिव विवेक मिश्र, जेल अधीक्षक सीताराम शर्मा, सीएमओ डॉ.अमित विक्रम, पीडब्ल्यूडी अधिशासी अभियंता राजाराम आदि अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
मोदीनगर विधायक ने उठाया बिजली कटौती व शराब ठेकों का मामला
प्राक्कलन समिति की उप समिति की बैठक के दौरान सदस्य व मोदीनगर विधायक मंजू सिवाच ने मोदीनगर के ग्रामीण क्षेत्रों में बस संचालन, बिजली कटौती व किसानों के अनाज विक्रय के साथ ही शराब ठेकों पर आराजकतत्वों द्वारा उत्पाद मचाने की समस्या उठाई। डॉ.मंजू सिवाच ने कहा कि अराजक तत्वों के कारण स्थानीय लोगों का जीना मुहाल हो गया है। समिति अध्यक्ष ने सम्बंधित क्षेत्र में बस संचालन शुरू कराने, किसानों की समस्या का निस्तारण, साथ ही आगामी आदेशों तक स्मार्ट मीटर न लगाए जाने के निर्देश दिए हैं और नाही स्मार्ट मीटर की बिजली काटी जाए। आबकारी विभाग को निर्देश दिए हैं कि शराब ठेको के पास अराजक तत्वों का जमावड़ा न होने पाएं।
विधायक संजीव शर्मा ने उठाई गंदे पानी की समस्या
समिति की बैठक में सदर विधायक संजीव शर्मा ने गंदे पानी की समस्या उठाई। उन्होंने बतााय कि जल निगम द्वारा बनाई गई टंकियों को हैंडओवर नहीं किया गया है। क्षेत्र में गंदे पानी की सप्लाई हो रही है जिसकी वजह से लोगों को पीने का पानी तक नसीब नहीं हो रहा है। समिति अध्यक्ष ने इस मामले में डीएम को एक माह में जांच करने और दोषी के खिलाफ कार्रवाई कर समिति को अवगत कराने के निर्देश दिए हैं। सभापति ने जल निगम, नगर निगम को निर्देश दिए हैं कि पेयजल सप्लाई से संबंधित कोई शिकायत ना आएं इसका विशेष ध्यान रखें।