गाजियाबाद (युग करवट)। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र अंतर्गत कनावनी गांव के पास हिंडन नहर पर गोली मारकर की गई गुरूग्राम निवासी होटल कारोबारी अमित सैनी की हत्या के मामले में फरार चले रहे सागर व विपिन नामक हत्यारोंपित पुलिस के राडार पर आ गये हैं। सूत्रों की माने तो इंदिरापुरम थाने के एसएचओ अजय चौधरी की टीम इन दोनों हत्यारोपितों के ठिकानों पर दस्तक दे चुकी है।
सूत्रों का तो यह भी कहना है कि एसएचओ अजय चौधरी की टीम किसी भी समय सागर व विपिन को उनके सही मुकाम पर पहुंचा सकती है। बता दें कि कल रात रेस्टोरेंट चलाने वाले अमित सैनी की हत्या उसके पार्टनर विजय ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर कर दी थी। उक्त वारदात के कुछ देर बाद ही एसएचओ इंदिरापुरम अजय चौधरी की टीम ने जहां पार्टनर की हत्या करने वाले विजय निवासी गुरूग्राम को गिरफ्तार कर लिया था वहीं वारदात में प्रयुक्त ग्रांड विटारा कार भी बरामद कर ली थी। हत्या के बाद फरार होने वाले सागर व विपिन भी अब पुलिस की हिरासत से दूर नहीं दिखाई दे रहे हैं।