कोलकाता का ब्रिगेड ग्राउंड तैयार
नई दिल्ली (युग करवट)। कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में कल होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा सरकार के गठन को लेकर पार्टी इसे बड़े सांस्कृतिक और राजनीतिक आयोजन के रूप में पेश करने की तैयारी में है। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। ब्रिगेड ग्राउंड में विशाल मंच तैयार किया जा रहा है, जहां एक बड़ी दुर्गा प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। मंच के आसपास बंगाल की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाने वाले कई प्रतीक और प्रतिष्ठित हस्तियों के चित्र लगाए जाएंगे। आयोजन स्थल पर दर्जनों फूड स्टॉल भी लगाए जा रहे हैं, जहां झालमुड़ी, रसोगोला और संदेश जैसे पारंपरिक बंगाली व्यंजन परोसे जाएंगे। भाजपा नेताओं का कहना है कि यह सिर्फ शपथ ग्रहण नहीं बल्कि बंगाली संस्कृति के उत्सव जैसा आयोजन होगा। एक वरिष्ठ भाजपा नेता ने तैयारियों का निरीक्षण करते हुए कहा कि कई लोग भाजपा को बंगाल की संस्कृति से अलग बताते थे। जनता ने भारी जनादेश देकर उनके दावों को गलत साबित कर दिया। अब यह ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह बंगाली संस्कृति के बड़े उत्सव में बदलेगा। शहर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने कल सुबह तेज हवाओं, गरज और बिजली के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है। इसी वजह से वैकल्पिक आयोजन स्थल के तौर पर नेताजी इंडोर स्टेडियम पर भी विचार किया जा रहा है। भाजपा नेताओं का कहना है कि मौसम के बावजूद कार्यक्रम तय समय पर ही होगा। मैदान में 30 हजार से ज्यादा कुर्सियां लगाने की तैयारी है। आयोजकों के मुताबिक, समारोह में 50 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। मुख्य मंच को तीन हिस्सों में बांटा जाएगा। पहले हिस्से में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, अन्य केंद्रीय मंत्री और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री बैठेंगे। दूसरे हिस्से में राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस मौजूद रहेंगे, जो नए मुख्यमंत्री और मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। तीसरे हिस्से में मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण करने वाले नेता और नए मंत्रिमंडल के सदस्य बैठेंगे।
अमित शाह कोलकाता पहुंचे चार बजे है बैठक
नई दिल्ली (युग करवट)। भाजपा के विधायक दल की बैठक में आज पश्चिम बंगाल के अगले मुख्यमंत्री का नाम तय किया जाएगा। इस अहम बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी पर्यवेक्षक व सह-पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहेंगे। गृह मंत्री अमित शाह पर्यवेक्षक के रूप में आज नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी सह-पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहेंगे। पार्टी के सूत्रों के मुताबिक, बैठक कोलकाता के विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में शाम चार बजे होगी।