नई दिल्ली (युग करवट)। देश की राजनीति और सोशल मीडिया में अपने बेबाक बयानों के लिए चर्चा में रहने वाले पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज मार्कंडेय काटजू एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। इस बार वजह कोई कानूनी टिप्पणी नहीं, बल्कि एक नई राजनीतिक पहल है। काटजू ने इश्क करो पार्टी नाम से एक नए संगठन की घोषणा की है। उन्होंने युवाओं से इस पार्टी से जुडऩे की अपील करते हुए कहा कि इसका मकसद मेक लव नॉट वॉर यानी प्यार करो, लड़ाई नहीं का संदेश फैलाना है। उनके इस एलान के बाद सोशल मीडिया पर बहस, मजाक और राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। मार्कंडेय काटजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि जो लोग इश्क करो पार्टी से जुडऩा चाहते हैं, वे ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने खुद को इस पार्टी का संरक्षक बताया। काटजू के मुताबिक यह पार्टी नफरत और टकराव की राजनीति के खिलाफ प्यार, भाईचारे और इंसानी रिश्तों को बढ़ावा देने के लिए बनाई गई है। उन्होंने अभी तक पार्टी का कोई औपचारिक घोषणापत्र जारी नहीं किया है, लेकिन मेक लव नॉट वॉर को इसका मुख्य संदेश बताया जा रहा है। काटजू की नई पार्टी की तुलना सोशल मीडिया पर कॉकरोच जनता पार्टी से की जा रही है। इश्क करो पार्टी के ऐलान के बाद कई लोग इसे कॉकरोच जनता पार्टी का नया प्रतिद्वंद्वी बता रहे हैं। इतना ही नहीं उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर ये भी कहा कि भारतीय युवाओं, बेकार की कॉकरोच वाली बातें भूल जाओ और इश्क करो पार्टी में शामिल हो जाओ।